Gangster Goldy Brar: जानिए गोल्डी बराड़ की गैंगस्टर से आतंकी बनने की कहानी, अपनों के खून से ही रंगे है इस गैंगस्टर के हाथ

₹64.73
Gangster Goldy Brar: जानिए गोल्डी बराड़ की गैंगस्टर से आतंकी बनने की कहानी, अपनों के खून से ही रंगे है इस गैंगस्टर के हाथ

Gangster Goldy Brar: गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने UAPA के तहत आतंकी घोषित कर दिया। उसके खालिस्तानी आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से कनेक्शन मिले हैं। गोल्डी बराड़ कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का राइट हैंड है। वह पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के कत्ल के बाद सुर्खियों में आया था। अब केंद्र सरकार की कार्रवाई के बाद फिर गोल्डी चर्चा में है।

गोल्डी बराड़ कौन है और कैसे गैंगस्टर के बाद अब आतंकी बन गया, सब इस बारे में जानना चाहते हैं। दरअसल, गोल्डी बराड़ पंजाब पुलिस के रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर का बेटा है। वह भाई के कत्ल के बाद गैंगस्टर बन गया। अब वह चेहरे बदल-बदलकर क्राइम करवाता रहता है।

गोल्डी की पढ़ाई के दौरान चचेरे भाई की हत्या हो गई
गोल्डी बराड़ पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब का रहने वाला है। साल 1994 में जन्म हुआ, माता पिता ने नाम रखा सतविंदर सिंह। पिता पुलिस में सब इंस्पेक्टर थे। बेटे को भी पढ़ा लिखा कर काबिल बनना चाहते थे, लेकिन सतविंदर उर्फ गोल्डी ने तो अपनी अलग ही राह चुन ली थी।

गोल्डी बराड़ के चचेरे भाई गुरलाल बराड़ की चंडीगढ़ में हत्या हो गई। गुरलाल को इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित एक क्लब के बाहर 11 अक्टूबर 2020 की रात गोली मारी गई। वह पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) का छात्र नेता था।

गुरलाल बराड़ लॉरेंस बिश्नोई का सबसे करीबी था। गुरलाल और लॉरेंस ने साथ मिलकर पंजाब यूनिवर्सिटी में स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन ऑफ पंजाब यूनिवर्सिटी (SOPU) बनाई थी। गुरलाल बराड़ की हत्या के बाद लॉरेंस गैंग ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि अब नई जंग की शुरुआत है, सड़कों पर खून नहीं सूखेगा।

हत्या का बदला लेकर कनाडा भाग गया
इस हत्या का बदला लेने के लिए गोल्डी ने क्राइम का रास्ता चुना। गोल्डी गैंगस्टर्स के संपर्क में आया। जग्गू भगवानपुरिया और लॉरेंस बिश्नोई से भी इसकी मुलाकात हुई। फिर गोल्डी ने अपने भाई के कत्ल के आरोपी फरीदकोट में जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष गुरलाल सिंह की 8 फरवरी 2021 को गोली मारकर हत्या कर दी। इस हत्या के बाद गोल्डी गुपचुप तरीके से स्टूडेंट वीजा पर कनाडा भाग गया।

पुलिस के मुताबिक गोल्डी चेहरा बदल-बदलकर कनाडा में रहता है ताकि पकड़ में ना आ सके। पुलिस के पास इसकी 5 अलग-अलग रूपों की तस्वीरें हैं। गैंगस्टर के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी हो चुका है।

गोल्डी बराड़ ने कहा था- सलमान मेरी गैंग के टारगेट पर
गोल्डी बराड़ ने कुछ महीने पहले एक निजी न्यूज चैनल को दिए गए इंटरव्यू में कहा था कि उसकी गैंग सलमान खान को जरूर मारेगी। जब भी हमें मौका मिलेगा, हम उसे मार देंगे। उसे भाई साहब (लॉरेंस बिश्नोई) ने बताया था कि उन्होंने (सलमान) माफी नहीं मांगी है।

पंजाब-हरियाणा के शूटर से मूसेवाला की हत्या कराई
29 मई 2022 को मानसा के गांव जवाहरके में मशहूर पंजाबी सिंगर शुभदीप सिंह उर्फ सिद्धू मूसेवाला का कत्ल कर दिया गया। पहले लॉरेंस गैंग ने इसकी जिम्मेदारी ली। फिर गोल्डी बराड़ ने एक टीवी चैनल पर इंटरव्यू देकर कहा कि मूसेवाला को उसने मरवाया है।

उसने मूसेवाला पर लॉरेंस के कॉलेज फ्रेंड विक्की मिड्‌डूखेड़ा के कत्ल में शामिल होने के आरोप लगाए। गोल्डी ने दावा किया था कि पुलिस ने मूसेवाला के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की तो मजबूर होकर उन्हें मर्डर करना पड़ा। गोल्डी ने हरियाणा और पंजाब के 6 शूटर भेजकर मूसेवाला की हत्या करवाई।
 

Tags

Share this story

WhatsApp Group Join Now
WhatsApp Channel Join Now