जंतर-मंतर पर पहलवानों से मिलने पहुंचीं कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ! प्रियंका बोली – बृजभूषण से इस्तीफा ले सरकार !
₹64.73
दिल्ली 29 अप्रैल ( ब्यूरो ) : दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे पहलवानों को मिलने के लिए सुबह सुबह कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वहां पहुंची। प्रियंका गांधी ने करीब 50 मिनट पहलवानों से बातचीत की । प्रियंका गांधी से बातचीत करते हुए विनेश और साक्षी भावुक हो गईं। प्रियंका ने विनेश के सिर पर हाथ रखकर दिलासा दिलाया।
बता दे कि WFI अध्यक्ष और सांसद बृजभूषण शरण सिंह को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर महिला पहलवान जंतर-मंतर पर धरना दे रहे हैं। शनिवार को इस प्रदर्शन का 7वां दिन है। उन्होंने कहा कि अब तक FIR की कॉपी नहीं मिली है। सवाल है सरकार बृजभूषण को क्यों बचा रही।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात बृजभूषण के खिलाफ दिल्ली के कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन में दो FIR दर्ज की गई हैं। पहली- दिल्ली पुलिस ने एक नाबालिग रेसलर से यौन शोषण के मामले में बृजभूषण पर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। वहीं, दूसरी FIR अन्य 6 महिला रेसलर्स के यौन शोषण के आरोप में दर्ज हुई है।
प्रियंका ने कहा- बृजभूषण से इस्तीफा ले सरकार
प्रियंका गांधी ने कहा कि जो FIR दर्ज कराई गई है, उसमें क्या है, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। वे इसे क्यों नहीं दिखा रहे हैं ? जब ये पहलवान पदक जीतते हैं तो हम सभी ट्वीट करते हैं। गर्व महसूस करते हैं। आज ये सड़क पर बैठे हैं। इन्हें न्याय नहीं मिल रहा है। ये सभी महिला पहलवान इस मुकाम तक आने के लिए काफी संघर्ष करती हैं और मैं यह नहीं समझ पा रही हूं कि सरकार बृजभूषण को क्यों बचा रही है।