Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या में श्रद्धालुओं का लगा ताँता, पहले दिन पहुंचें लाखों भगवान राम के भक्त
₹64.73
Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद मंगलवार 23 जनवरी को मंदिर में आम लोगों का दर्शन शुरू हो चुका है। रात 3 बजे से ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। रामलला के दर्शन के लिए कई राज्यों से लोग आए हुए हैं। जैसे ही मंदिर के गेट खुले तो लोगों में अंदर जाने के लिए होड़ सी मच गई।
दर्शन के लिए उमड़े हुजूम का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि दोपहर में शयन के लिए बंद किए गए भगवान रामलला के कपाट एक घंटे पहले ही खोल दिए गए। रामलला के शयन के लिए पट दोपहर 12.30 बजे से 2 बजे तक बंद रहने थे, लेकिन भीड़ के चलते 1 बजे ही खोल दिए गए। लोगों को दर्शन के लिए छोटे-छोटे ग्रुपों में भेजा जा रहा है। एक बार तो लोग सिक्योरिटी तोड़कर ही भाग निकले।
प्रशासन के मुताबिक, दोपहर दो बजे तक ढाई लाख लोगों ने दर्शन कर लिए। भीड़ को काबू करने के लिए 8 मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। वहीं, राम मंदिर के गर्भगृह में स्थापित नई प्रतिमा को बालक राम नाम दिया गया है।
अयोध्या में रामलला विराजित हो चुके हैं। प्राण प्रतिष्ठा के बाद मंगलवार को नए गर्भगृह में पहली सुबह थी। राम मंदिर में ठीक 6.30 बजे रामलला को जागरण आरती करके जगाया गया। 5 साल के बालक की तरह उन्हें दुलार दिया। राजा के पुत्र की तरह उनका श्रृंगार किया गया। गर्भगृह में जब पर्दा हटा, तब भक्तों ने उनके ठाठ देखे।
ट्रस्ट की धार्मिक समिति ने रामलला के पूजन से संबंधित नए विधान को ट्रस्ट के हाथों में सौंप दिया है। इसको लागू होने तक फिलहाल पुराने विधान के अनुसार ही आरती, शयन और जलपान होगा। मंदिर की सुरक्षा में तैनात एक सीनियर अफसर ने बताया, ''रामलला के दर्शन के लिए हर श्रद्धालु को सिर्फ 1 से 2 सेकेंड मिल रहे हैं।''
लखनऊ, प्रयागराज, मनकापुर से अयोध्या तक मेमू ट्रेन चलेंगी
रेलवे ने अयोध्या तक 3 मेमू ट्रेन चलाने का ऐलान किया है। 25 जनवरी से अयोध्या से लखनऊ, अयोध्या से प्रयागराज और अयोध्या से मनकापुर के बीच मेमू ट्रेन चलेंगी।