Haryana News : दूल्हों ने की ऐसी हरकत, बहनों ने फेरे लेने से किया इनकार !
₹64.73
Haryana News : हरियाणा के नूंह जिले के तावड़ू में दो सगी बहनों ने शराब के नशे में झूम रहे दूल्हों के साथ शादी करने से साफ इनकार कर दिया। उनकी इस पहल की इलाके में चर्चा हो रही है। मामला इतना बढ़ गया कि पुलिस बुलानी पड़ी। आखिरकार पंचायत ने मामले को सुलझाया, और बारात बिना दुल्हनों के ही लौट गई।
दूल्हों की हरकतों से हुआ विवाद
गांव जौरासी की दो बहनों की शादी गुरुग्राम के सुखराली क्षेत्र के दो युवकों के साथ तय हुई थी। बारात पहुंचने पर दुल्हन पक्ष ने धूमधाम से उनका स्वागत किया। मगर वरमाला के दौरान एक दूल्हे की असामान्य हरकतों ने दुल्हन पक्ष का ध्यान खींचा।
जब फेरे शुरू होने लगे, तब दोनों दूल्हे शराब के नशे में झूमते नजर आए। दुल्हन पक्ष के सवाल करने पर वर पक्ष ने मामले को टालने की कोशिश की।
दुल्हनों ने किया शादी से इनकार
जब यह बात दुल्हनों तक पहुंची, तो उन्होंने साफ शब्दों में शादी करने से इनकार कर दिया। दोनों ने कहा, "हमें ऐसे लड़कों से शादी नहीं करनी जो नशे में हों।"
दुल्हन पक्ष का आरोप है कि वर पक्ष ने दबाव बनाने के लिए हवाई फायरिंग भी की। इसके बावजूद, दोनों बहनें अपने फैसले पर अड़ी रहीं।
पंचायत और पुलिस की दखल के बाद लौटी बारात
विवाद बढ़ने पर पुलिस को बुलाया गया। मामला पंचायत में पहुंचा, जहां फैसला हुआ कि बारात को बिना दुल्हनों के लौटना होगा।
दोनों बहनों की शादी की जिम्मेदारी उनकी मां और भाई निभा रहे थे, क्योंकि उनके पिता का निधन हो चुका है। उनका यह साहसी कदम क्षेत्र में मिसाल बन गया है।