Kisan Andolan: किसान आंदोलन की आहट पर अलर्ट मोड में आई सरकार, हरियाणा और पंजाब की सीमाएं सील
₹64.73

Kisan Andolan: पंजाब के किसान संगठनों और किसान मजदूर संघर्ष समिति के 13 फरवरी को दिल्ली कूच के आह्वान पर हरियाणा सरकार अलर्ट है। पंजाब सीमा से लगते हरियाणा के जिले अंबाला, जींद कुरुक्षेत्र, सिरसा, फतेहाबाद, कैथल में सैनिक व अर्धसैनिक बलों की कंपनियों को भेज दिया गया है। वहीं, अंबाला और सिरसा में पत्थर की दीवार भी तैयार की जा रही है। पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी को कैन में तेल न दें।
पंजाब की ओर से हरियाणा में आने वाले किसानों को रोकने के लिए अंबाला में शंभू बार्डर के आसपास कुल 20 रास्तों को चिह्नित कर सील करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। पंजाब बार्डर को पूरी तरह से सील करने के लिए दीवार बनाई जाएगी इसके लिए पत्थर पहुंच गए हैं। एनएएचआइ दीवार बनाकर रास्ता बंद कर रही है। जबकि किसानों ने पंजुआना के पास लंगर की व्यवस्था की है। कुरुक्षेत्र सहित जींद, अंबाला, फतेहाबाद, झज्जर में धारा-144 लागू कर दी गई है।
कुरुक्षेत्र का इस्माईलाबाद क्षेत्र पंजाब से जुड़ा है। पुलिस को चार अर्द्धसैनिक बल की कंपनी दी गई है। इस क्षेत्र में किसान संगठन सक्रिय हैं।
इसके अलावा पंजाब के किसानों को डबवाली में रोकने के लिए पंजाब की सीमा लगने पर नेशनल हाइवे को खोदने का विचार किया जा रहा है। पुलिस ने बठिंडा नाका पर जेसीबी की मदद से कई फीट गहरा गड्ढा खोदवाया है। ताकि मजबूत दीवार का निर्माण किया जा सकें।