Haryana Weather Alert: हरियाणा में अभी और गिरेगा दिन का तापमान, कोल्ड डे का टूटा रिकॉर्ड

₹64.73
cs
 

हरियाणा में लगातार 16 दिन से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड ने कोल्ड-डे का 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। हाल यह हो गया है कि दिन के अधिकतम तापमान में 6 से 7 डिग्री की गिरावट देखी गई है। अधिकतर जिले ऐसे रहे, जहां धूप नहीं निकली। कोहरे के साथ पड़ने वाली ओस की फुहार ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि एक-दो दिन में कोहरे में कमी आएगी, लेकिन बर्फीली हवाएं खूब कंपकंपी छुटाएगी।

अमूमन हरियाणा में कोल्ड डे का समय 4 से 5 दिन का होता है, लेकिन इस बार राज्य में 25 दिसंबर से कोल्ड डे और सीवियर कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। 9 जनवरी को कुछ इलाकों में बारिश की आस थी, लेकिन इससे कोई राहत नहीं मिल पायी।

रात में 2 डिग्री तक गिरेगा पारा

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खींचड़ ने बताया कि 10 साल बाद ठंड का इतना लंबा पीरियड दर्ज किया गया है। वहीं, मौसम विभाग ने दावा किया है कि बुधवार से कोहरा छंटने लगेगा। इससे दिन में लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है। हालांकि बर्फीली हवाएं चलेंगी। इससे रात में न्यूनतम तापमान में दो डिग्री तक गिरावट आ सकती है।

दिन- रात के पारे में अंतर काफी कम

हरियाणा में दिन और रात के तापमान का अंतर काफी कम रह गया है। उत्तर हरियाणा के शहरों में अंबाला में दिन और रात के तापमान में चार डिग्री सेल्सियस का अंतर है। यही स्थिति दक्षिण हरियाणा में भी बनी हुई है। मंगलवार को अंबाला में दिन का तापमान 9.5 डिग्री और न्यूनतम 6.4 डिग्री, हिसार में क्रमशः : 12 व 9.2 डिग्री, करनाल में 10.6 व 7.2, महेंद्रगढ़ में 14 व 6 डिग्री, रोहतक में 12.2 व 8.8 डिग्री, भिवानी में 11.7 व 7.2 डिग्री, पंचकूला में 10.7 और न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री दर्ज किया गया।

कोहरे के साथ पड़ रही ओस की फुहार

पिछले 10 दिनों से इस पूरे रीजन में धुंध छाई हुई है। इस वजह से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। वहीं, मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि वर्तमान में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से पूर्वी राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश व दक्षिणी उत्तर प्रदेश कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। लगातार नमी बढ़ने से कोहरे के घनत्व में फिर से बढ़ोतरी भी हुई है। इन क्षेत्रों में सघन कोहरे के साथ ओस की फुहार भी बरस रही है।

Tags

Share this story

WhatsApp Group Join Now
WhatsApp Channel Join Now