Haryana Politics: हरियाणा की राजनीति में बड़े उलटफेर के संकेत, अभय चौटाला ने कह दी ये बात

₹64.73
हरियाणा की राजनीति में बड़े उलटफेर के संकेत, अभय चौटाला ने कह दी ये बात

Haryana Politics: हरियाणा में I.N.D.I.A गठबंधन में INLD के शामिल होने के आसार दिखने लगे हैं। 

25 सितंबर की सम्मान दिवस रैली को लेकर INLD और JDU के चीफ राष्ट्रीय प्रवक्ता केसी त्यागी की मीटिंग ने इसके संकेत दिए हैं। 

पूर्व राज्यसभा सांसद केसी त्यागी ने भी स्पष्ट किया है कि इनेलो को हमने कभी भी I.N.D.I.A गठबंधन से बाहर नहीं माना है। 

इनेलो की अपनी एक बड़ी विश्वसनीयता है। हरियाणा में इनेलो बड़ी ताकत है।

I.N.D.I.A गठबंधन में जितने भी दल शामिल हैं लगभग सभी ने चौ. देवीलाल के नेतृत्व में काम किया है।

केसी त्यागी ने कहा कि पहले गैर कांग्रेसवाद और अब गैर भाजपावाद की नींव रखने वाली जमीन का नाम हरियाणा है। 

25 सितंबर को सम्मान दिवस रैली पर गठबंधन के लगभग सभी लोगों को निमंत्रण दिया गया है। 

त्यागी ने कहा कि इनेलो ने निमंत्रण देने में कोई राजनीतिक छुआ छूत नहीं बरती है उसमें सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे को भी निमंत्रण दिया गया है।


भाजपा जैसी मजबूत और ताकतवर पार्टी को अगर हराना है तो उतने ही बड़े दिल से उतना ही बड़ा गठबंधन हमें बनाना पड़ेगा। 

हरियाणा में इनेलो, कांग्रेस और आप को इकट्ठा होना पड़ेगा। 

केसी त्यागी ने अभय सिंह चौटाला की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने हम सभी की उम्मीदों से अलग जाकर इतनी मेहनत करके जनजागरण चलाने का काम किया जिसका नतीजा हमें 25 सितंबर की रैली में देखने को मिलेगा।

अभय सिंह चौटाला ने कहा कि कांग्रेस और अरविंद केजरीवाल से हमें कोई परहेज नहीं है। 

वे स्वयं केजरीवाल और कांग्रेस अध्यक्ष से बात करेंगे और उन्हें निजी तौर पर मिलकर निमंत्रण देंगे। 

उसके बाद वो आएंगे या नहीं आएंगे ये उनका फैसला है। 

अगर कांग्रेस भूपेंद्र हुड्डा की जिम्मेवारी लगाएगी तो हम उनका भी स्वागत करेंगे।

अभय सिंह चौटाला ने कहा कि इंडिया गठबंधन की बुनियाद 25 सितंबर 2022 को फतेहाबाद की सम्मान दिवस रैली में हुई थी। 

उस समय गैर कांग्रेसी और गैर भाजपा की विकल्प की बात चल रही थी, 

लेकिन नीतीश कुमार ने कहा था कि बगैर कांग्रेस के कोई भी विकल्प मजबूत नहीं बन सकता और नीतीश कुमार ने ही चौ. ओम प्रकाश चौटाला को इस बात के लिए भी राजी किया था।


वहीं अभय सिंह चौटाला ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बयान दिया है कि कांग्रेस हरियाणा की 10 की 10 लोकसभा सीटों को जीतने में सक्षम है। 

अगर ऐसा है तो पिछले लोकसभा चुनावों में कांग्रेस सभी सीटें क्यों हार गई?

भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा दोनों बाप बेटा लोकसभा चुनाव क्यों हार गए?।

भूपेंद्र हुड्डा सीधे-सीधे भाजपा को लाभ पहुंचाना चाहते हैं। 

भूपेंद्र हुड्डा को ऐसा बयान देने से पहले कांग्रेस हाईकमान से पूछना चाहिए था कि वो ऐसा बयान दें या नहीं।

Tags

Share this story