Haryana News: दो लडकियों का रोका गया विवाह, फेरों से पहले पहुंचा प्रशासन, पढ़िए पूरी खबर
₹64.73

Haryana News: हरियाणा के फतेहाबाद में 2 नाबालिग बहनों का विवाह रूकवाया गया। बारात आने से पहले ही गुप्त सूचना के आधार पर बाल विवाह निषेध अधिकारी की टीम घर पर पहुंची और लड़कियों के परिवार को समझाकर कार्यक्रम रुकवाया। साथ ही दूल्हा पक्ष को फोन कर यूपी से चली बारात को वापस ले जाने के लिए कहा। जिस कारण विवाह का मंडप सजा का सजा रह गया।
जानकारी के अनुसार यूपी का एक परिवार काफी वर्षों से जाखल क्षेत्र के गांव म्योंद रह रहा है। परिवार की दो बेटियों का विवाह गुरुवार को होना तय था। इसके लिए परिवार द्वारा जोरशोर से तैयारियां की जा रही थी। मंडप सजा दिया गया था और टेंट लगाकर पार्टी की तैयारियां पूरी कर ली गई थी।
सूचना पर पहुंची टीम, परिवार को समझाया
इसी बीच बाल विवाह निषेध अधिकारी रेखा अग्रवाल को गुप्त सूचना मिली कि दोनों बहनें नाबालिग हैं। टीम मौके पर पहुंची और परिवार वालों से बात की। बताया जा रहा है कि एक लड़की की उम्र 14 व दूसरे की उम्र 16 वर्ष पाई गई।
लड़कियों की उम्र 18 साल होने के बाद होगी शादी
जिसके बाद परिवार वालों को बाल विवाह कानून और दंड के बारे में समझाया गया। परिवार 18 वर्ष के बाद ही विवाह करवाने को लेकर राजी हुआ। लड़कियों का विवाह यूपी के रहने वाले दो भाइयों से होना था। उन्हें फोन कर बारात नहीं लाने की बात कही।