पंचकूला। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को नागरिकता संशोधन कानून (Citizenship Amendment Act) के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए पंचकूला से जागरूकता अभियान की शुरुआत की। भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूरे देश में CAA के समर्थन में जनसंपर्क अभियान किया जा रहा है। सीएम ने कहा कि CAA को लेकर विपक्ष जनता में भ्रम पैदा कर रहा है। अभियान का मकसद लोगों को सही जानकारी देना है।
इस मौके पर पंचकूला से विधायक व हरियाणा विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता, भाजपा राष्ट्रीय महिला मोर्चा उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक लतिका शर्मा, संगठन महामंत्री सुरेश भट्ट, पंचकूला भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा, महामंत्री हरेंद्र मलिक, वरिंद्र गर्ग सहित कई भाजपा के वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
वहीं, गत दिवस सिरसा में पत्रकारों से बातचीत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि विपक्ष वोट की राजनीति छोड़कर देश की सोचे। नागरिकता संशोधन कानून किसी भी समुदाय के पक्ष या विपक्ष में नहीं है,बल्कि पड़ोसी देशों में हिंदू, सिख, बौद्ध, ईसाईयों को भारत में सम्मान के साथ नागरिकता देने के लिए बनाया गया है। नागरिकता संशोधन कानून से देश के मुस्लिमों को कोई खतरा नहीं है, लेकिन विपक्ष मुस्लिमों को गुमराह करके दंगे भड़काने का काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि सीएए के प्रति फैलाई जा रही अफवाहों और भ्रांतियों को दूर करने के लिए भाजपा की ओर से हरियाणा में नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में अभियान चलाकर जनता को जागरूक किया जाएगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि पड़ोसी देशों में हिंदू, बौद्ध, ईसाई, पारसी, सिख, जैन समुदाय के लोगों पर उत्पीड़न जबरन, जमीन हड़पना, मारपीट, धर्म परिवर्तन, बहन बेटियों की इज्जत से खिलवाड़ जैसी घटनाओं की बात महात्मा गांधी, इंदिरा गांधी, जेपी कृतलानी, एचएन मुखर्जी जैसे दिग्गज नेताओं ने भी स्वीकारा था। इसके बावजूद कांग्रेस द्वारा नागरिकता संशोधन कानून का विरोध निंदनीय है।