चंडीगढ़(Bharat9): पहाड़ों पर धुंआधार बर्फबारी के बीच प्रदेश में लगातार दूसरे दिन कई जिलों में तेज बारिश गुरुवार रात से जारी है। सोनीपत, पानीपत, करनाल, रोहतक, अम्बाला में बारिश हो रही है। वहीं कुछ जिलों में ओले गिरने की सूचना भी है। ऐसे में बुधवार को दिन का पारा सामान्य से सात डिग्री तक कम हो गया। रात का पारा अभी 12 से 16 डिग्री के बीच है।
30 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ का असर मैदानी इलाकों पर पड़ सकता है। इसके बाद धीरे-धीरे धुंध का दौर शुरू होगा और दिसंबर के पहले सप्ताह तक ठंड बढ़ जाएगी। बरसात व ठंडक की वजह से प्रदेश के कई जिलों में दिन का पारा कम हो गया है। प्रदेश में एक अक्टूबर से 27 नवंबर तक 10.8 एमएम बरसात हुई है। जबकि इस अवधि में सामान्य बरसात 13.4 एमएम होती है।
10 डिग्री से नीचे आएगा रात का पारा
आईएमडी के निदेशक डॉ. सुरेंद्र पाल के अनुसार दिसंबर के प्रथम सप्ताह में प्रदेश में रात का पारा 10 डिग्री के नीचे आने की संभावना है, क्योंकि 30 नवंबर को भी पश्चिमी विक्षोभ का असर मैदानी इलाकों पर पड़ सकता है। हालांकि बरसात व बर्फबारी की संभावना पहाड़ों में अधिक है। एक या दो दिन के बाद इसका असर हरियाणा के मैदानी इलाकों में दिख सकता है।