चंडीगढ़। हरियाणा में अपना कुनबा बढ़ाने के लिए कांग्रेस जल्द ही सदस्यता अभियान छेड़ेगी। सदस्यता अभियान में उन लोगों को भी नए सिरे से फार्म भरने होंगे जो पहले से ही पार्टी से जुड़े हैं। सदस्यता अभियान के बाद 31 मार्च तक जिला अध्यक्षों के चुनाव के साथ ही प्रदेश कार्यकारिणी का गठन कर लिया जाएगा। इसके बाद ब्लाक और विधानसभा क्षेत्रों के स्तर पर नियुक्तियां की जाएंगी।
पहले पखवाड़े में प्रदेशव्यापी सदस्यता अभियान शुरू करने के लिए प्रदेश कांग्रेस ने प्रस्ताव तैयार कर हाईकमान को भेज दिया है। सदस्यता अभियान के दौरान फार्म भरने वाले हर व्यक्ति से पांच रुपये लिए जाएंगे। हालांकि प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा व्यक्तिगत रूप से इस हक में नहीं हैं कि यह शुल्क लिया जाए। इसके चलते उन्होंने हाईकमान को प्रस्ताव दिया है कि इस शुल्क को समाप्त कर दिया जाए।
लंबे समय तक गुटबाजी का खामियाजा भुगत चुकी प्रदेश कांग्रेस अब एक्टिव मोड में है। दूसरे राजनीतिक दलों के मुकाबले सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ सबसे पहले मोर्चा खोलने वाली कांग्रेस ने नए साल में संगठन की मजबूती पर ध्यान देने की रणनीति बनाई है। विधानसभा चुनाव के चलते कुमारी सैलजा ने प्रदेशाध्यक्ष की कुर्सी संभालने के बाद संगठन का कामकाज चलाने के लिए केवल चुनिंदा पदों पर नियुक्तियां की थी। इसके बाद हुड्डा-सैलजा की जोड़ी फील्ड में उतर गई। विधानसभा चुनाव के तुरंत बाद कुमारी सैलजा ने पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर द्वारा गठित प्रकोष्ठों को भंग कर दिया था। हालांकि तंवर अपने कार्यकाल में प्रदेश तथा जिला कार्यकारिणी का गठन नहीं कर पाए थे।
प्रदेश में कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं की फीस अशोक तंवर के कार्यकाल से ही विवादों में रही है। तंवर जहां हुड्डा गुट पर पार्टी फंड नहीं देने के आरोप लगाते रहे, वहीं हुड्डा गुट के विधायक पूर्व अध्यक्ष पर पार्टी फंड में गोलमाल करने के आरोप जड़ते रहे हैं। अब प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने इस शुल्क को ही बंद करने की सिफारिश कर दी है।
विधानसभा में सरकार को घेरने की रणनीति
हरियाणा में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस अब सड़क से लेकर विधानसभा तक सत्तारूढ़ भाजपा को घेरती हुई दिखाई देगी। प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा की अगुवाई में एक अभियान पहले ही चल चुका है। हरियाणा कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रोहित जैन के अनुसार फील्ड में भाजपा के खिलाफ दूसरा अभियान चलाने के साथ ही सरकार को विशेष सत्र के दौरान सदन में घेरने के लिए भी बैठक बुलाए जाने की तैयारी हो चुकी है।