फगवाड़ा(Bharat9): फगवाड़ा में शनिवार को पुलिस ने एक नाइजीरियन महिला को 5 किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। यह महिला नशे की खेप को बस में लेकर आ रही थी और जैसे ही यह बस से उतरी गुप्त सूचना के आधार पर पहले से तैयार पुलिस ने धर-दबोचा। बहरहाल महिला के खिलाफ केस दर्ज कर इसके नेटवर्क के बारे में छानबीन का क्रम जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कपूरथला के एसएसपी सतिंदर सिंह के दिशा-निर्देशों पर एसपी फगवाड़ा मनप्रीत सिंह की अगुवाई में चल रही नशाविरोधी मुहिम के चलते पुलिस पार्टी ने सुप्रोत गांव में ट्रैप लगाया हुआ था। इस दौरान एक नाइजीरियन महिला के बारे में गुप्त सूचना मिली कि वह एक बस में नशे की खेप लेकर आ रही है। जैसे ही यह नाइजीरियन महिला बस से उतरी, तुरंत पुलिस ने इसे रोका। तलाशी के दौरान उसके पास से पांच किलो हेरोइन बरामद हो गई। आरोपी महिला के खिलाफ केस दर्ज करके पुलिस ने इसके नेटवर्क से जुड़ी तमाम जानकारी जुटाने की कोशिशें तेज कर दी हैं।