मौसम विशेषज्ञों ने जारी की चेतावनी
धर्मशाला,(भारत 9)। हिमाचल प्रदेश में आज और कल यानी वीरवार और शुक्रवार को कड़ाके की ठंड पड़ेगी। मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों ने इस संबंध में चेतावनी जारी की है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में आज और कल बहुत ज्यादा ठंड पड़ने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व अनुमान के अनुसार कोहरे के साथ ज्यादा ठंड पड़ेगी।
मौसम विशेषज्ञों ने ऊना, कांगड़ा, मंडी, सोलन सिरमौर में कड़ाके की ठंड के साथ कोहरे की चेतावनी जारी की है। निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि ज्यादा ठंड पड़ने का कारण उत्तरी क्षेत्र यानी हिमालय की ओर से चलने वाली तेज हवाएं व कोहरा है।
हिमाचल प्रदेश के निचले इलाकों में कुछ दिनों से घना कोहरा पड़ रहा है, इस कारण दोपहर तक मुश्किल से सूरज के दर्शन हो पा रहे हैं। इससे पहले पहाड़ी राज्य में इतना कोहरा नहीं पड़ता था। विशेषज्ञों का कहना है कि आत्यधिक बर्फबारी के बाद मौसम साफ होने के कारण आत्यधिक कोहरा पड़ रहा है। ठंड ज्यादा पड़ने का भी यही कारण बन रहा है। बारिश होने पर कोहरे से कुछ राहत मिल सकती है। कोहरे से राहत मिलने पर हिमाचल के लोगों को ठंड से भी राहत मिल सकती है।